पहियों पर दुनिया की सबसे बड़ी तोप - Largest Cannon of the World on Wheels, इसमें जयगढ़ किले में मौजूद पहियों पर दुनिया की सबसे बड़ी तोप की जानकारी है।
क्या आप जानते हैं कि पहियों पर खड़ी दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे भारी तोप जयपुर के अंदर मौजूद है। यह तोप अपने आप में एक अजूबा होने के साथ-साथ हमारे पूर्वजों की अनमोल धरोहर भी है।
जयवाण नाम की यह तोप अब जयपुर में जयगढ़ किले के अंदर एक पहाड़ी पर टीन शेड के नीचे रखी हुई है। इस विशाल तोप का निर्माण महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 1720 ईस्वी में करवाया था।
यह तोप पूरी तरह से जयपुर में बनी हुई है जिसका निर्माण जयगढ़ किले में स्थित तोप बनाने के कारखाने में ही हुआ था।
आपको सुनकर बड़ा आश्चर्य होगा कि आज तक किसी भी युद्ध में इस तोप का इस्तेमाल नहीं हो पाया है क्योंकि इसके इस्तेमाल की कभी जरूरत ही नहीं पड़ी।
इसके दो कारण है, एक तो यह तोप काफी बड़ी और वजनदार है जिसकी वजह से इसे किले से दूर कहीं ओर ले जाना संभव नहीं था, दूसरा जयपुर के महाराजाओं के मुगलों से संबंध हमेशा मित्रतापूर्ण रहे हैं जिसकी वजह से इन्हें उनके साथ कभी युद्ध की जरूरत नहीं पड़ी।
यह तोप अपने जीवन काल में सिर्फ एक बार ही चली है और वह भी इसके परीक्षण के समय। जब इसके परीक्षण के समय गोला दागा गया था तब वह गोला यहाँ से लगभग 35 किलोमीटर दूर चाकसू नामक कस्बे में जाकर गिरा।
जिस स्थान पर यह गोला गिरा था, उस स्थान पर गोले की वजह से एक बड़ा तालाब बन गया था। यह तालाब आज भी स्थानीय लोगों के पानी की जरूरत को पूरा करता है।
जयवाण तोप का वजन लगभग 50 टन है। इसे एक चार पहिया गाड़ी में रखा गया है जिसके आगे के दो पहिये काफी बड़े आकार के हैं। आगे के पहियों का व्यास लगभग 9 फीट (2.74 मीटर) और पीछे के पहियों का व्यास लगभग साढ़े चार फीट है।
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गई जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों से ली गई है जिनकी सटीकता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। आलेख की जानकारी को पाठक महज सूचना के तहत ही लें क्योंकि इसे आपको केवल जागरूक करने के उद्देश्य से लिखा गया है। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।
Tags:
Tourism