उदयपुर शहर के बीचों-बीच छिपी हुई झील - Swaroop Sagar Lake Udaipur in Hindi

उदयपुर शहर के बीचों-बीच छिपी हुई झील - Swaroop Sagar Lake Udaipur in Hindi, इसमें उदयपुर शहर के बीच में छिपी हुई स्वरूपसागर झील के बारे में जानकारी है।

Swaroop Sagar Lake Udaipur

{tocify} $title={Table of Contents}

आज हम आपको झीलों की नगरी उदयपुर की तीन ऐसी झीलों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जो शहर के बीच में हैं लेकिन फिर भी टूरिस्ट इनके बारे में बहुत कम जानते हैं।

ये तीनों झील स्वरूप सागर, रंग सागर और कुम्हारिया तालाब हैं जो पिछोला और फतेहसागर झील को आपस में जोड़ने के साथ-साथ शहर की सुंदरता में चार चाँद लगाती हैं।

वैसे अगर हम सरसरी तौर पर देखें तो ये तीनों पिछोला झील का ही एक हिस्सा लगती हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। ये तीनों पिछोला से जुड़ी होने के बावजूद भी उससे अलग हैं।

तो आइये हम इन तीनों झीलों के बारे में जानकारी लेते हैं, तो चलिए सबसे पहले हम स्वरूप सागर झील के बारे में बात करते हैं।

स्वरूप सागर झील - Swaroop Sagar Lake


स्वरूप सागर झील भी पिछोला और फतेहसागर झील की तरह काफी सुन्दर है लेकिन साइज के मुकाबले में ये इन दोनों से काफी छोटी है।

यह झील एक बाँध जैसी शेप में बनी हुई है जिसके एक तरफ चार मजबूत गेट लगे हुए हैं। जब झील का पानी छलकने लगता है तब ये गेट खोले जाते हैं।

चूँकि स्वरुपसागर झील भी पिछोला का ही एक हिस्सा है इसलिए इसकी भराव क्षमता भी पिछोला की तरह 11 फीट है।

पिछोला झील से पानी की आवक स्वरूप सागर में होती है। यह झील स्वरूप सागर लिंक नहर गेट के जरिये फतेहसागर झील से जुड़ी हुई है।

जब स्वरूप सागर झील भर जाती है तब इस लिंक नहर के जरिये इसका पानी फतेहसागर में छोड़ा जाता है यानि फतेहसागर को स्वरूप सागर लिंक नहर के द्वारा पिछोला के पानी से भरा जाता है।

जब फतेहसागर भी तय भराव क्षमता तक भर जाती है तब स्वरूप सागर लिंक नहर को बंद कर दिया जाता है। इसके बाद इसके चारों गेट खोल दिए जाते हैं।

गेट खोलने पर इसका पानी स्वरूप सागर पुलिया (हिंदुस्तान जिंक पुलिया) के नीचे से बहता हुआ गुमानिया या मानिया नाले से होते हुए आयड़ नदी के जरिए उदयसागर में चला जाता है।

स्वरूप सागर झील का निर्माण महाराणा स्वरूप सिंह (1842-1861 ईस्वी) ने पीने के पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए करवाया था।


स्वरूप सागर झील के एक तरफ लम्बी पाल बनी हुई है जिसके ऊपर कुछ सुन्दर छतरियाँ बनी हैं। इस जगह पर सिर्फ लोकल लोग ही आते हैं क्योंकि ज्यादातर पर्यटकों को तो इसके बारे में पता ही नहीं है।

पाल के पास में नगर निगम द्वारा बनवाया गया एक सुन्दर गार्डन मौजूद है जिसका नाम हेडगेवार पार्क है। पार्क के पास एक पुरानी भूतिया सी बिल्डिंग है जिसे किसी समय का होटल बताया जाता है।

कहा जाता है कि किसी जमाने में इसमें कई फिल्म कलाकार रुके हुए हैं जिनमें दिलीप कुमार, देवानंद आदि शामिल हैं।

स्वरूप सागर झील की पाल के दूसरे किनारे पर एक पार्क बना हुआ है जिसे उड़ान पार्क कहते हैं लेकिन बच्चे इसे टायर वाला पार्क कहते हैं।

इस पार्क में पुराने टायरों का सुन्दर उपयोग करके बच्चों के लिए खेलने कूदने की कई चीजों के साथ पेड़-पौधे को लगाने के लिए भी उपयोग में लिया गया है।

रंग सागर झील - Rang Sagar Lake


अगर रंग सागर की बात करें तो रंग सागर झील एक तरफ स्वरूप सागर, दूसरी तरफ चांदपोल दरवाजे की तरफ पिछोला और तीसरी तरफ अंबापोल की तरफ कुम्हारिया तालाब से जुडी है।

यह झील पिछोला और स्वरूपसागर को आपस में जोड़ती है। इस झील पर परशुराम घाट काफी प्रसिद्ध घाट है।

रंग सागर और स्वरूप सागर के बीच में एक पुलिया बनी हुई है जो पन्नाधाय रोड़ को अम्बामाता मंदिर रोड़ से जोड़ती है।

इस झील का निर्माण सत्रहवीं शताब्दी में मेवाड़ के प्रधानमंत्री अमरचंद बड़वा ने करवाया था इसलिए इसे अमरकुंड या अमरकुंट (Amarkunt) कहा जाता है। ये वही अमरचंद बड़वा हैं जिन्होंने उदयपुर में प्रसिद्ध बागोर की हवेली बनवाई थी।

कुम्हारिया तालाब - Kumhariya Talab


अब कुम्हारिया तालाब के बारे में बात करते हैं। अंबापोल दरवाजे की पुलिया के एक तरफ रंगसागर और दूसरी तरफ कुम्हारिया तालाब हैं जो अंबापोल की तरफ रंग सागर से और ब्रह्मपोल की तरफ पिछोला झील से जुड़ा हुआ है।

यह तालाब ताजे पानी की एक झील है जिसका पानी शहर की सुंदरता को तो बढ़ाता ही है, साथ में पीने के काम भी आता है।

स्वरूप सागर झील कैसे जाएँ? - How to reach Swaroop Sagar Lake?


अब हम बात करते हैं कि स्वरूप सागर झील कैसे जाएँ? यह झील फतेहसागर झील के पास में ही है और फतेहसागर जाने के रास्ते में आती है।

हिंदुस्तान जिंक के ऑफिस के सामने स्वरूप सागर पुलिया के पास ही इसका रास्ता है। आप जब भी उदयपुर जाएँ आपको इस जगह पर भी जाना चाहिए।

आज के लिए बस इतना ही, उम्मीद है हमारे द्वारा दी गई जानकारी आपको जरूर पसंद आई होगी। कमेन्ट करके अपनी राय बताएँ।

इस तरह की नई-नई जानकारियों के लिए हमारे साथ बने रहें। जल्दी ही फिर से मिलते हैं एक नई जानकारी के साथ, तब तक के लिए धन्यवाद, नमस्कार।

स्वरूप सागर झील की मैप लोकेशन - Map Location of Swaroop Sagar Lake



स्वरूप सागर झील का वीडियो - Video of Swaroop Sagar Lake



लेखक (Writer)

रमेश शर्मा {एम फार्म, एमएससी (कंप्यूटर साइंस), पीजीडीसीए, एमए (इतिहास), सीएचएमएस}

डिस्क्लेमर (Disclaimer)

इस लेख में शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गई जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों से ली गई है जिनकी सटीकता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। आलेख की जानकारी को पाठक महज सूचना के तहत ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।
रमेश शर्मा

मेरा नाम रमेश शर्मा है। मैं एक रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट हूँ। मेरी क्वालिफिकेशन M Pharm (Pharmaceutics), MSc (Computer Science), MA (History), PGDCA और CHMS है। मुझे पुरानी ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखना, इनके इतिहास के बारे में जानना और प्रकृति के करीब रहना बहुत पसंद है। जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं इनसे मिलने के लिए घर से निकल जाता हूँ। जिन धरोहरों को देखना मुझे पसंद है उनमें प्राचीन किले, महल, बावड़ियाँ, मंदिर, छतरियाँ, पहाड़, झील, नदियाँ आदि प्रमुख हैं। जिन धरोहरों को मैं देखता हूँ, उन्हें ब्लॉग और वीडियो के माध्यम से आप तक भी पहुँचाता हूँ ताकि आप भी मेरे अनुभव से थोड़ा बहुत लाभ उठा सकें। जैसा कि मैंने आपको बताया कि मैं एक रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट भी हूँ इसलिए मैं लोगों को वीडियो और ब्लॉग के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियाँ भी देता रहता हूँ। आप ShriMadhopur.com ब्लॉग से जुड़कर ट्रैवल और हेल्थ से संबंधित मेरे लेख पढ़ सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने