Jag Mandir - इसमें मुगल बादशाह शाहजहाँ को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल बनाने की प्रेरणा देने वाले उदयपुर की पिछोला झील में मौजूद जग मंदिर महल की जानकारी है।
दुनिया के अजूबों में शामिल विश्व प्रसिद्ध इमारत ताजमहल बनाने की प्रेरणा शाहजहाँ को उदयपुर के जग मंदिर महल से मिली थी और इसलिए जग मंदिर को ताजमहल का पूर्वगामी भी कहा जाता है।
ऐसा बताया जाता है कि एक बार मुगल बादशाह जहांगीर के बेटे शहजादे खुर्रम ने अपने पिता के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, तब मेवाड़ के महाराणा कर्ण सिंह ने खुर्रम को उदयपुर के जग मंदिर में शरण दी।
जब शहजादा खुर्रम पिछोला झील के बीच बने इस महल में रहने आया तो वह इसकी खूबसूरती से बहुत प्रभावित हुआ। आगे चलकर जब शहजादा खुर्रम, शाहजहाँ के नाम से मुगल बादशाह बना, तो उसे जगमंदिर की वजह से ही ताजमहल बनवाने की प्रेरणा मिली।
जगमंदिर के बारे में एक और फैक्ट यह भी है कि इसने शहजादे खुर्रम को ही शरण नहीं दी बल्कि इसने महाराणा स्वरूप सिंह के समय 1857 की क्रांति में जान बचाने के लिए भागकर आए कई अंग्रेज अफसरों को भी शरण दी।
अगर महल के निर्माण की बात करें तो इसका निर्माण तीन महाराणाओं के कार्यकाल में पूरा हुआ। महल का निर्माण महाराणा अमर सिंह के समय शुरू हुआ।
इसके बाद यह निर्माण कार्य महाराणा कर्ण सिंह के समय चलता रहा और इनके पुत्र महाराणा जगत सिंह के समय में जाकर पूरा हुआ। महाराणा जगत सिंह के सम्मान में इसका नाम जगमंदिर महल रखा गया।
जगमंदिर महल उदयपुर की पिछोला झील के बीच में एक टापू पर बना हुआ है जिसे लेक गार्डन पैलेस भी कहा जाता है।
सफेद मकराना मार्बल और पीले सैंडस्टोन से बना हुआ बहुमंजिला जग मंदिर महल अपनी शिल्प और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है।
महल में प्रवेश करते समय झील के पास हाथियों की बड़ी-बड़ी मूर्तियाँ लगी हुई हैं। परिसर में मार्बल के बड़े पत्थरों से बनाया गया एक महल है जिसे 12 पत्थरों का महल कहते हैं।
जग मंदिर परिसर में गुंबदाकार छत वाला गुल महल है जिसके बारे में बताया जाता है कि इसमें शहजादा खुर्रम अपने परिवार के साथ रहा था। शायद इसीलिए यह महल मुगल स्थापत्य कला से प्रभावित है।
महल के चारों ओर सुंदर बगीचे और फव्वारे हैं जो इस जगह की नेचुरल ब्यूटी को और खूबसूरत बना देते हैं। अब इस महल में एक रेस्टोरेंट है और लोग यहाँ पर चाय के साथ सूर्यास्त का आनंद लेने आते हैं।
जग मंदिर तक आने के लिए सिटी पेलेस के बंसी घाट से नाव चलती है। ध्यान रखें कि जग मंदिर देखने के लिए आपको फतेहसागर के नेहरू गार्डन से कुछ ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ता है।
जग मंदिर पैलेस न केवल एक ऐतिहासिक इमारत है, बल्कि शांति, सुंदरता और गौरवशाली अतीत का प्रतीक है, जिसने भारत के सबसे प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल को बनाने में प्रेरणा की भूमिका निभाई।
जगमंदिर महल की मैप लोकेशन - Map location of Jag Mandir Udaipur
जगमंदिर महल का वीडियो - Video of Jag Mandir Udaipur
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गई जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों से ली गई है जिनकी सटीकता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। आलेख की जानकारी को पाठक महज सूचना के तहत ही लें क्योंकि इसे आपको केवल जागरूक करने के उद्देश्य से लिखा गया है। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।
Tags:
Tourism-In-Rajasthan